**आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा, चार बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई की मांग**
तेज खबर लाइव न्यूज
उन्नाव। आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतीन्द्र चौधरी ने महामहिम राष्ट्रपति महोदय को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर जनपद गोण्डा, अयोध्या और बाराबंकी में हुई घटनाओं सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन जिलाधिकारी उन्नाव के माध्यम से राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली भेजा गया है।
ज्ञापन में चार प्रमुख मांगें रखी गई हैं। पहली मांग में जनपद गोण्डा में विनोद साहनी एवं रमेश कोरी तथा अयोध्या में राम लगन मौर्य की हत्या के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा सांसद माननीय एडवोकेट चन्द्रशेखर आज़ाद जी के काफिले पर 13 सितंबर 2026 को बाराबंकी के थाना रामनगर क्षेत्र, बुढ़वल में हुए पथराव एवं हिंसक हमले का उल्लेख किया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि इस हमले में कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं तथा वाहनों को नुकसान पहुंचा। पार्टी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच कर लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। साथ ही चन्द्रशेखर आज़ाद जी की सुरक्षा को देखते हुए तुरंत थ्रेट असेसमेंट कराकर उनकी सुरक्षा बढ़ाने, सार्वजनिक कार्यक्रमों एवं दौरों में पर्याप्त सुरक्षा, एस्कॉर्ट एवं रूट सिक्योरिटी सुनिश्चित करने तथा उनके विरुद्ध जारी धमकीपूर्ण संदेशों की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।
दूसरी मांग पंचायत सहायकों से संबंधित है। लखनऊ के ईको गार्डन में अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे पंचायत सहायकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा उनकी जायज मांगों पर सरकार द्वारा सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया गया है।
तीसरी मांग 68500 शिक्षक भर्ती के आरक्षण घोटाले से जुड़ी है। ज्ञापन में पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा दिए गए आदेश का तुरंत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को नियमानुसार न्याय प्रदान करने की मांग की गई है।
चौथी मांग इस्लामिक धार्मिक स्थलों से संबंधित है। जनपद सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद और मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद सहित अन्य इस्लामिक धर्म स्थलों के विरुद्ध राजनीतिक द्वेष के चलते सरकार द्वारा अवैध बताकर की जा रही कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा की जाए। कार्रवाई कानून एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही की जाए तथा किसी भी प्रकार के भेदभाव की संभावना को समाप्त किया जाए।
तथा भीम आर्मी के लोगो कहना था के आगे से अगर इस तरह का कोई भी काम होता है चंद्रशेखर जी को किसी भी तरह की हानि होती है तो हम जहां जहां मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी जी की रैली होंगी हम भीम आर्मी के लोग वहां वहां काला झंडा और काली पट्टी लेकर रोड पर ही प्रदर्शन करेंगे तथा उनकी रैली को शांति पूर्ण तरीके से नहीं होने देंगे
ज्ञापन में कहा गया है कि उपरोक्त सभी विषय जनहित, सामाजिक न्याय, कानून-व्यवस्था एवं संवैधानिक अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मामले हैं। अतः इन मांगों का शीघ्र संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश प्रदान करने की कृपा करें। ज्ञापन पर दिनांक 16 सितंबर 2026 को जिला मुख्यालय उन्नाव में हस्ताक्षर किए गए हैं।
पार्टी के जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतीन्द्र चौधरी ने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) जनहित एवं सामाजिक न्याय के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करती रहेगी और संबंधित अधिकारियों से इन मांगों पर शीघ्र ध्यान देने की अपेक्षा रखती है।
तेज खबर लाइव न्यूज
रिपोर्टर। सांची


Post a Comment