अज्ञात ट्रक ने स्कूटी सवार को रौंदा, दर्दनाक हादसे में फार्मेसिस्ट की मौत
उन्नाव। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। हादसा पीखी मोड़ स्थित शारदा नहर पुलिया के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई और शव क्षत-विक्षत हो गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सफीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
मौके से पुलिस को एक्टिवा स्कूटी नंबर UP 35-AV 2799 मिली। स्कूटी के नंबर के आधार पर पुलिस ने वाहन स्वामी की जानकारी जुटाई। जांच के बाद मृतक की पहचान सफीपुर कस्बे के दुनियाना मोहल्ला निवासी फार्मेसिस्ट रमेश विमल के रूप में हुई।
मृतक की पहचान होने के बाद परिवार को घटना की जानकारी दी गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
पुलिस अब फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है।
तेज खबर लाइव न्यूज
रिपोर्टर अजीत कुमार वर्मा, ब्यूरो चीफ

Post a Comment