सीएचसी माखी में चोरी के बाद व्यवस्था पर उठे सवाल, डॉक्टर की अनुपस्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
सीनियर रिपोर्टर संदीप कुमार, उन्नाव (उत्तर प्रदेश)
माखी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माखी में चोरी की घटना सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सीएचसी में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में तैनात डॉक्टर के नियमित रूप से पर्याप्त समय न देने की शिकायत लंबे समय से बनी हुई है। आरोप है कि डॉक्टर प्रतिदिन करीब एक घंटे ही अस्पताल में बैठते हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने डॉक्टर के समय से अस्पताल न पहुंचने का भी आरोप लगाया है।
वहीं अस्पताल की भौतिक स्थिति भी बदहाल बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, सीएचसी की खिड़कियां, लाइटें और पंखे जर्जर हालत में हैं। भवन की स्थिति भी धीरे-धीरे खराब होती जा रही है। ऐसे में मरीजों और तीमारदारों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल कर्मचारियों फार्मासिस्ट शिवेंद्र और लैब टेक्नीशियन आशीष कुमार वर्मा के अनुसार, चोरी की जानकारी डॉक्टर को दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन को सूचना दिए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कर स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की है।

Post a Comment