लखनऊ यूनिवर्सिटी में गोमती पुस्तक महोत्सव शुरू, CM योगी ने किया शुभारंभ; 121 प्रकाशकों के 250 स्टॉल

लखनऊ यूनिवर्सिटी में गोमती पुस्तक महोत्सव शुरू, CM योगी ने किया शुभारंभ; 121 प्रकाशकों के 250 स्टॉल


लखनऊ।     लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार से नौ दिवसीय गोमती पुस्तक महोत्सव की शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महोत्सव का उद्घाटन किया। इस मौके पर बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी भी मौजूद रहीं।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने पुस्तकों के महत्व पर बात की। उन्होंने कहा कि किताबें बच्चों में ज्ञान और विचार के साथ संस्कार, जिज्ञासा और कल्पनाशक्ति विकसित करने में अहम भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने बढ़ते स्क्रीन टाइम को लेकर चिंता जताते हुए कहा, “स्क्रीन हमें दुनिया दिखाती है, लेकिन पुस्तकें हमें दुनिया समझने की ताकत देती हैं।” उन्होंने बच्चों और युवाओं के बीच पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने की जरूरत पर भी जोर दिया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, कई छात्र हिरासत में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने समाजवादी छात्र सभा और एनएसयूआई से जुड़े कुछ पदाधिकारियों और सदस्यों को हिरासत में लिया।

जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम से पहले देर रात पुलिस ने हॉस्टल से भी कुछ छात्रों को हिरासत में लिया था। पुलिस की कार्रवाई को लेकर छात्र संगठनों की ओर से प्रतिक्रिया सामने आने की संभावना है।

121 प्रकाशकों के 250 स्टॉल लगाए गए गोमती पुस्तक महोत्सव का आयोजन नौ दिनों तक किया जाएगा। महोत्सव में 121 प्रकाशकों की ओर से करीब 250 स्टॉल लगाए गए हैं। यहां हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, अवधी समेत कई भारतीय भाषाओं की हजारों किताबें पाठकों के लिए उपलब्ध हैं।

महोत्सव में साहित्य, शिक्षा, संस्कृति और विभिन्न विषयों से जुड़ी किताबों के साथ पाठकों को अलग-अलग प्रकाशकों की पुस्तकों को एक ही जगह देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों के मुताबिक, महोत्सव में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। पुस्तक महोत्सव शनिवार से शुरू होकर 20 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्रों, शिक्षकों, पुस्तक प्रेमियों और आम लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

सम्पादक 

Post a Comment

Previous Post Next Post