कानपुर में फर्जी नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन अभियुक्त गिरफ्तार
तेज खबर लाइव न्यूज़
कानपुर। शहर के रेल बाजार थाना क्षेत्र में नकली नोट छापने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। थाना रेल बाजार और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से करीब दो लाख रुपये के फर्जी नोट बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेर सिंह, रोशन अली और सोमिल गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ पहले से लगभग 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मुख्य रूप से चोरी और अन्य आपराधिक मामले शामिल हैं।
थाना प्रभारी रेल बाजार अमान सिंह, सर्विलांस प्रभारी मनीष कुमार यादव, राहुल कुमार और उनकी पूरी टीम की इस कार्रवाई में अहम भूमिका रही। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रामलीला मैदान के पास एक किराए के कमरे पर छापा मारा गया। वहां से नकली नोटों के साथ छपाई का सामान भी बरामद हुआ।
बरामद नकली करेंसी में मुख्य रूप से 100 रुपये के नोट ज्यादा संख्या में मिले हैं। इसके अलावा 50 रुपये और कुछ 500 रुपये के नोट भी शामिल हैं। कुल बरामदगी लगभग 2 लाख 4 हजार रुपये की है। गिरोह प्रिंटर की मदद से नोट छापकर कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन और आसपास के बाजारों में चला रहा था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी छोटे-छोटे नोटों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर खपाते थे ताकि आसानी से पकड़े न जाएं। मास्टरमाइंड शेर सिंह पांचवीं कक्षा तक ही पढ़ा है, फिर भी प्रिंटर और खास कागज की मदद से नकली नोट तैयार करता था।
जांच में पता चला है कि तीनों पहले ट्रेन में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे। अब पुलिस उनके पूरे नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश कर रही है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। थाना रेल बाजार में मामला दर्ज कर आगे की जांच तेज कर दी गई है।
यह कार्रवाई कानपुर पुलिस की सतर्कता का नतीजा है, जिससे आम लोगों को नकली नोटों से होने वाले नुकसान से बचाया जा सका। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध नोट मिलने पर तुरंत सूचना दें।
तेज खबर लाइव न्यूज़
रिपोर्टर साँची
Post a Comment