ब्रेकिंग न्यूज़: PET परीक्षा को लेकर उन्नाव प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसएसपी ने परखी व्यवस्थाएं

 तेज खबर लाइव न्यूज


उन्नाव। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उन्नाव जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। तीन दिवसीय PET परीक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी घनश्याम मीना और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिले में परीक्षा के लिए कुल 13 केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग साढ़े चार हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली, रोशनी, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं की जांच की गई। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के सामान को सुरक्षित रखने के लिए क्लॉक रूम तथा वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

नकल रोकने के लिए CCTV से होगी निगरानी

परीक्षा को नकलविहीन बनाने के उद्देश्य से सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर समय रहते नजर रखी जा सके। प्रत्येक केंद्र के साथ-साथ जिला और राज्य स्तर पर भी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जहां से परीक्षा की गतिविधियों पर लाइव निगरानी की व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान

परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की तैयारी की गई है। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ और जाम की समस्या से बचने के लिए यातायात योजना तैयार की गई है। प्रशासन का उद्देश्य है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीएम घनश्याम मीना और एसएसपी जय प्रकाश सिंह के निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों में जुटा है।

तेज खबर लाइव न्यूज | उन्नाव

खास रिपोर्ट ओम जी सिंह क्राइम ब्यूरो चीफ

Post a Comment

Previous Post Next Post